काठमांडू: नेपाल में सोशल मीडिया बैन के विरोध में शुरू हुआ प्रदर्शन अब दूसरे दिन भी जारी है और हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के निजी आवास पर कब्जा कर लिया है, वहीं सूचना मंत्री के घर को आग के हवाले कर दिया गया। शुरुआत में सोशल मीडिया बैन के खिलाफ शुरू हुआ आंदोलन अब भ्रष्टाचार और राजनीतिक मुद्दों को लेकर व्यापक रूप ले चुका है, और प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली पर इस्तीफा देने का दबाव लगातार बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने सभी राजनीतिक दलों से संवाद की अपील की है और स्थिति का आकलन करने के लिए आज शाम 6 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाई है। उन्होंने नागरिकों से शांति बनाए रखने और धैर्य रखने का आग्रह किया है। नेपाल के संचार, सूचना एवं प्रसारण मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने कहा कि सरकार ने सोशल मीडिया साइट्स को फिर से शुरू करने का आदेश दे दिया है। सोमवार को प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच संसद परिसर में झड़प हुई, जिसमें पानी की बौछार, आंसू गैस और रबर गोलियों का इस्तेमाल किया गया। नेपाल के कई शहरों में कर्फ्यू लगाया गया है और भारत-नेपाल सीमा पर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।






