Home / News / बिहार पुलिस मुठभेड़: गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच कुख्यात अपराधी घायल, हथियारों का जखीरा जब्त…

बिहार पुलिस मुठभेड़: गोलियों की तड़तड़ाहट के बीच कुख्यात अपराधी घायल, हथियारों का जखीरा जब्त…

बेगूसराय साहेबपुर कमाल। नई सरकार के गठन के बाद अपराध पर नकेल कसने की सख़्त नीति का असर बेगूसराय में दिखाई दिया। शुक्रवार देर रात STF और जिला पुलिस की संयुक्त टीम और अपराधियों के बीच शालिग्राम मल्हीपुर इलाके में भीषण मुठभेड़ हुई। इस दौरान सरपंच हत्याकांड का फरार आरोपी शिवदत्त राय पुलिस की गोली लगने से घायल होकर दबोच लिया गया, जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। सूत्रों के अनुसार STF को गुप्त सूचना मिली थी कि कुख्यात शिवदत्त राय हथियार खरीदने के लिए मल्हीपुर क्षेत्र में आने वाला है। सूचना की पुष्टि के बाद STF और स्थानीय थाना पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस के नजदीक पहुंचते ही दो बाइक पर सवार छह अपराधियों ने 6-7 राउंड फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी तीन राउंड फायर किए, जिसमें गोली शिवदत्त की जांघ में लगी और वह गिर पड़ा।
घायल अपराधी की पहचान तेघड़ा थाना क्षेत्र के बनहारा निवासी शिवदत्त राय (27) के रूप में हुई। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक घर से 9 देसी पिस्टल, भारी मात्रा में नकदी और कफ सिरप का बड़ा स्टॉक बरामद किया। पुलिस का मानना है कि बरामद सामान अवैध कारोबार और गिरोह की सप्लाई लाइन से जुड़ा हुआ है। गौरतलब है कि 2 सितंबर 2022 को धनकौल पंचायत की सरपंच मीना देवी के घर पर हुई अंधाधुंध फायरिंग में उनके पुत्र अवनीश कुमार की मौत हो गई थी और रजनीश कुमार घायल हुए थे। इस मामले में शिवदत्त और उसके गिरोह के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज है। गिरफ्तारी न होने के कारण STF काफी समय से उसकी तलाश में थी। एसपी मनीष ने बताया कि “मुठभेड़ में एक कुख्यात बदमाश घायल हुआ है और हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। फरार अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है।” घायल आरोपी का इलाज पुलिस सुरक्षा में कराया जा रहा है।

इस कार्रवाई के बाद संकेत साफ हैं कि बिहार पुलिस अब बड़े गैंगों और संगठित अपराध पर सख्त रवैया अपनाने के मूड में है और लगातार अभियान तेज करने की तैयारी में है।

Tagged:
[post-views]
Share
Now