झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
झालावाड़, पुरानी जेल के पीछे स्थित मल्टी के पास एक व्यक्ति पर अचानक एक बेल ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के कारण उसके सिर, हाथ एवं कमर पर चोटें आईं तथा सिर से अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मित्र राम कश्यप तत्काल मौके पर पहुँचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत वाहन की व्यवस्था की तथा पुलिस मित्र यश शर्मा को भी सूचना दी। दोनों पुलिस मित्रों ने बिना समय गंवाए घायल व्यक्ति को उपचार हेतु श्री राजेन्द्र सार्वजनिक चिकित्सालय, झालावाड़ पहुँचाया।
अस्पताल ले जाते समय निर्भय सिंह सर्किल पर शहीद दिवस कार्यक्रम के कारण बैरिकेडिंग लगी हुई थी। वहाँ ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों एवं ट्रैफिक पुलिसकर्मी राधेश्याम जी सी ने मानवता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए तत्काल मार्ग उपलब्ध कराया, जिससे घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुँचाना संभव हो सका।
अस्पताल पहुँचने पर घायल का तत्काल उपचार प्रारंभ करवाया गया तथा उसके परिजनों को भी सूचना दे दी गई। चिकित्सकों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुँच जाने से घायल को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध हो सकी।
इस अवसर पर पुलिस मित्र राम कश्यप एवं यश शर्मा ने कहा कि मानव सेवा सबसे बड़ा धर्म है तथा संकट की घड़ी में प्रत्येक व्यक्ति को जरूरतमंद की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।
पुलिस मित्रों एवं पुलिस विभाग की तत्परता और संवेदनशीलता की स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है







