Home / Updates / अनिरुद्धाचार्य के बयान ने भड़काई आग, महिला वकीलों ने फूंका पुतला!”मुक़दमा दर्ज करने…..

अनिरुद्धाचार्य के बयान ने भड़काई आग, महिला वकीलों ने फूंका पुतला!”मुक़दमा दर्ज करने…..

मथुरा-वृंदावन के कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के एक बयान कि “14 साल की लड़कियों की शादी कर देनी चाहिए” ने देशभर में गहरी नाराज़गी पैदा कर दी है। ये सिर्फ़ एक विवादित टिप्पणी नहीं, बल्कि महिलाओं की गरिमा और हमारे संवैधानिक मूल्यों पर सीधा सवाल बन गया है।

इस बयान से आहत होकर अब सिर्फ़ आम लोग ही नहीं, बल्कि क़ानून के जानकार और वकील भी खुलकर विरोध में सामने आ गए हैं। जिला मुख्यालय पर बार एसोसिएशन के बैनर तले बड़ी संख्या में अधिवक्ता, खासकर महिला वकील, एकजुट हुए। सबने मिलकर अनिरुद्धाचार्य का पुतला फूंका और साफ़ कहा कि इस तरह की सोच न सिर्फ समाज के लिए खतरनाक है, बल्कि यह पूरी तरह संविधान विरोधी भी है।

बार एसोसिएशन के सचिव शिवकुमार लवानिया ने बताया कि अब इस मामले में कानूनी रास्ता अपनाया जाएगा। भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 156(3) के तहत कोर्ट में याचिका दाखिल की जाएगी ताकि पुलिस को इस पर एफआईआर दर्ज करने का निर्देश मिले और सख्त कार्रवाई हो।

इस बीच, हिंदूवादी संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का ग़ुस्सा भी तेज़ हो गया है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास की ओर से कथावाचक को कड़ी चेतावनी दी गई है, और कई महिला कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक रूप से विरोध जताते हुए कहा कि ऐसे बयान बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। समाजसेवी ताराचंद गोस्वामी ने भी उनके ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग रखी।

ब्रज मंडल के कई इलाकों में लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। महिलाएं इस बात से बेहद आहत हैं, और इसे अपने आत्मसम्मान और सामाजिक मूल्यों पर हमला मान रही हैं। सोशल मीडिया पर भी लोग खुलकर इस बयान की निंदा कर रहे हैं, और सवाल पूछ रहे हैं कि ऐसे विचारों को मंच कैसे दिया जा सकता है।

अब तक प्रशासन की तरफ़ से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन जिस तरह से जनता का ग़ुस्सा बढ़ रहा है, प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव भी तेज़ होता जा रहा है। यह मामला अब सिर्फ़ एक बयान तक सीमित नहीं है, यह एक सामाजिक चेतना और न्याय की लड़ाई में बदलता जा रहा है।

रिपोर्ट:- कनक चौहान

Tagged:
[post-views]
Share
Now