हरिद्वार में आज कार्तिक पूर्णिमा के शुभ अवसर पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। हरकी पौड़ी और अन्य घाटों पर तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ठंडी हवाओं के बावजूद लोगों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। अनुमान है कि करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने आज गंगा स्नान किया। कार्तिक पूर्णिमा को हिंदू धर्म में अत्यंत शुभ माना जाता है और इसे देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन देवता स्वयं पवित्र नदियों में स्नान करने पृथ्वी पर आते हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस दिन गंगा स्नान से पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है।

भगवान विष्णु के जन्मोत्सव और भगवान कार्तिकेय की राक्षसों पर विजय के रूप में भी यह तिथि विशेष मानी जाती है। हरिद्वार प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए। पूरे जिले को 11 जोन और 36 सेक्टरों में बांटकर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। हरकी पौड़ी, ब्रह्मकुंड और अन्य घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई। गंगा आरती के दौरान दीयों की रोशनी से पूरा वातावरण दिव्यता से भर गया और श्रद्धालुओं ने दीपदान कर देव दीपावली का उत्सव मनाया। श्रद्धालुओं का कहना है कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान तन और मन दोनों को पवित्र कर देता है और इस दिन गंगा में डुबकी लगाने से दिव्यता, यश और समृद्धि की प्राप्ति होती है।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






