एशिया कप 2025 के दौरान हुए विवाद पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद आईसीसी ने सख्त रुख अपनाया है। आईसीसी ने पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को दो मैचों के लिए निलंबित कर दिया है। यह फैसला उस घटना के बाद लिया गया जिसमें मैदान पर खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस और अनुशासनहीनता देखने को मिली थी। आईसीसी की अनुशासनात्मक समिति की सुनवाई के बाद हारिस रऊफ पर यह कार्रवाई की गई। निलंबन के कारण वह अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चल रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी दो मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इसके साथ ही आईसीसी ने भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और हारिस रऊफ दोनों पर मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना भी लगाया है।
आरोप है कि दोनों खिलाड़ियों ने एशिया कप के दौरान खेल की गरिमा को ठेस पहुंचाई और खेल भावना के विपरीत व्यवहार किया। गौरतलब है कि एशिया कप 2025 के दौरान भारत और पाकिस्तान की टीमें तीन बार आमने-सामने आई थीं। फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराकर खिताब अपने नाम किया था। हालांकि, खबरों के मुताबिक विजेता टीम को अब तक ट्रॉफी औपचारिक रूप से नहीं सौंपी गई है। यह फैसला क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि आईसीसी की इस सख्ती से भविष्य में खिलाड़ियों के बीच अनुशासन बनाए रखने में मदद मिलेगी।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






