आधे रास्ते से वापस लोटा दिल्ली से मास्को जाने वाला एयर इंडिया का विमान, जानिए क्या रही वजह

पायलट के कोविड-19 से संक्रमित होने का पता चलने के बाद एयर इंडिया ने दिल्ली से मॉस्को जाने वाले विमान को शनिवार सुबह आधे रास्ते से दिल्ली बुला लिया। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। उन्होंने कहा, ‘ए320 विमान में कोई यात्री नहीं थे और यह वंदे भारत अभियान के तहत मॉस्को से भारतीयों को वापस लाने के लिए जा रहा था, तभी जमीन पर मौजूद हमारी टीम को अहसास हुआ कि एक पायलट कोरोना पॉजिटिव है।’ विमान के अंदर केवल क्रू सदस्य मौजूद थे।

अधिकारियों ने कहा, ‘विमान को तुरंत वापस आने के लिए कहा गया। यह शनिवार दोपहर 12.30 बजे वापस दिल्ली लौट आया। क्रू सदस्यों को क्वारंटीन (एकांतवास) किया गया है। भारतीयों को वापस लाने के लिए एयर इंडिया के दूसरे विमान को मॉस्को भेज दिया गया है।’

यात्रियों के बिना विमान ने शनिवार सुबह उड़ान भरी थी। विमान के उड़ान भरने के दौ घंटे बाद एक अन्य सदस्य ने क्रू सदस्यों की जांच रिपोर्ट को दोबारा चेक किया जिसमें पायलट के पॉजिटिव होने का पता चला जो गलती से मॉस्को जाने वाले विमान में सवार था। एयर इंडिया ने मामले को छुपाने की बजाए तुरंत विमान को दिल्ली वापस बुला लिया।

Share
Now