लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर जिले में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन राजेश सिंह ने शनिवार को मोहनपुर एवं मोहिउद्दीन नगर प्रखंड के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए प्रशासन की ओर से संचालित राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता ने बाढ़ प्रभावित लोगों के ठहरने की व्यवस्था, सामुदायिक रसोई के संचालन, पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता, दवाओं के स्टॉक, नावों की उपलब्धता एवं संचालन तथा गोताखोरों की तैनाती समेत आपदा प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने संबंधित मंडल पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारियों से बाढ़ की वर्तमान स्थिति और प्रभावित इलाकों में चलाए जा रहे राहत कार्यों की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो और जरूरत के अनुसार सभी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
अपर समाहर्ता ने प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी और पूरी सतर्कता बनाए रखने का निर्देश देते हुए कहा कि आवश्यकता पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। उन्होंने नाव एवं गोताखोरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित रखने तथा दवाओं और अन्य जरूरी सामग्रियों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने को भी कहा।
उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।






