लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । सोशल मीडिया पर पिछले 10-15 दिनों से समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बगहा और बेतिया रेलवे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म भारी बारिश व बाढ़ के पानी में डूबने संबंधी वायरल हो रहे वीडियो और दावों को समस्तीपुर रेल मंडल ने पूरी तरह भ्रामक, असत्य और निराधार बताया है। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इन स्टेशनों पर रेल परिचालन एवं यात्री सुविधाएं सामान्य और सुचारू रूप से संचालित हो रही हैं।
रेल प्रशासन के अनुसार फेसबुक, एक्स और यूट्यूब समेत विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कुछ वीडियो तेजी से प्रसारित किए जा रहे हैं। इन वीडियो के माध्यम से यात्रियों के बीच यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि भारी बारिश और बाढ़ के कारण उक्त रेलवे स्टेशन जलमग्न हो गए हैं। रेल प्रशासन ने कहा कि ऐसी फर्जी सामग्री से यात्रियों और आम लोगों में अनावश्यक भय एवं दहशत पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए रेल प्रशासन ने संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विधिवत शिकायत और आपत्ति दर्ज कराई है। साथ ही भ्रामक वीडियो पोस्ट करने और अफवाह फैलाने वाले संदिग्ध प्रोफाइल एवं व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
समस्तीपुर रेल मंडल ने यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी असत्यापित खबर या वीडियो पर भरोसा न करें और ऐसी सामग्री को शेयर करने से बचें। यदि किसी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस तरह की फर्जी सामग्री दिखाई देती है, तो उसे रिपोर्ट करने की अपील भी की गई है।
रेल प्रशासन ने कहा है कि रेल परिचालन से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल रेलवे के आधिकारिक एवं प्रमाणिक स्रोतों पर ही भरोसा किया जाए।








