मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने मुंबई से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 23 सितंबर को डायल-112 के आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर पर मुख्यमंत्री को धमकी देने वाला संदेश भेजा गया था। बाद में संदेश को एडिट कर डिलीट कर दिया गया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसका स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया था।
मामले की शिकायत मिलने के बाद भोपाल क्राइम ब्रांच ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच में संदेश भेजने वाले नंबर का इस्तेमाल मुंबई से होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मुंबई पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को भोपाल लाकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अब धमकी भरा संदेश भेजने की वजह, आरोपी की मंशा और मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।






