Home / Updates / दुर्लभ बीमारी ‘Median Arcuate Ligament Syndrome’ (मिडियन आर्केट लिगामेंट सिंड्रोम )का सफल ऑपरेशन —सवाई मानसिंह चिकित्सालय में रोबोटिक सर्जरी से बड़ी उपलब्धि

दुर्लभ बीमारी ‘Median Arcuate Ligament Syndrome’ (मिडियन आर्केट लिगामेंट सिंड्रोम )का सफल ऑपरेशन —सवाई मानसिंह चिकित्सालय में रोबोटिक सर्जरी से बड़ी उपलब्धि

जयपुर: सवाई मानसिंह (SMS) चिकित्सालय के सर्जरी विभाग ने दुर्लभ बीमारी Median Arcuate Ligament Syndrome का जटिल लेकिन सफल रोबोटिक ऑपरेशन कर मरीज को नया जीवन दिया है। मरीज अब पूर्णतः स्वस्थ है और सामान्य भोजन करने लगा है।

34 वर्षीय सीकर निवासी मरीज पिछले करीब सात वर्षों से पेट दर्द से परेशान था। वर्ष 2018 से उसे खाने के बाद पेट दर्द, भूख कम लगना, घबराहट और पाचन में समस्या होने लगी। कई चिकित्सकों को दिखाने और वर्षों तक उपचार कराने के बावजूद बीमारी का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। पिछले छह महीनों में स्थिति गंभीर हो गई, वज़न क़रीब 20 किलो कम हो गया, और एक समय ऐसा भी आया जब उसका हीमोग्लोबिन केवल 5.8 ग्राम रह गया।

कई रूटीन जाँचों—ब्लड टेस्ट, सोनोग्राफी और अन्य परीक्षण—के बाद भी जब कारण पता नहीं चला, तब मरीज़ की CT एंजियोग्राफी जाँच कराने का निर्णय लिया। जाँच में यह महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया कि पाचन तंत्र को खून पहुँचाने वाली मुख्य धमनी लगभग 70% ब्लॉक थी। जन्मजात शारीरिक संरचना में मौजूद कुछ मांसपेशियों द्वारा नली पर दबाव पड़ने के कारण भोजन के बाद पर्याप्त रक्त-सप्लाई नहीं पहुँच पाती थी। इसी वजह से मरीज को:
• खाने के बाद दर्द,
• भूख कम लगना,
• उल्टियां आना,
• लगातार वजन गिरना,
• और भोजन से डर लगने जैसी समस्याएँ होती रहीं।

यह दुर्लभ बीमारी क़रीब एक लाख व्यक्तियों में एक को होती है सबसे बड़ी बात यह है कि इसका डायग्नोसिस करना एक चैलेंज होता है क्योंकि भोजन करने के बाद में दर्द होना और भोजन करने से डर लगना कई बार ये आम बात होती है और मरीज़ जिसे एसीडिटी समझकर दवाइयाँ लेता रहता है लेकिन साधारण जांचों में यह बीमारी पकड़ में नहीं आती है ।

रोबोटिक तकनीक से सुरक्षित, सटीक और तेज़ उपचार

एसएमएस अस्पताल में यह ऑपरेशन अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जरी एवं आई सी जी टेक्नोलॉजी द्वारा महायोजना के अंतर्गत किया गया, जिसके कई महत्वपूर्ण फायदे रहे:
• मरीज को बहुत कम दर्द हुआ
• सर्जरी में खून की बिल्कुल भी जरूरत नहीं पड़ी
• पूरी सर्जरी करीब 2 घंटे में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई
• मात्र कुछ ही घंटों बाद मरीज को भोजन देना संभव हुआ

अद्भुत सुधार यह रहा कि ऑपरेशन के करीब दो सप्ताह के भीतर मरीज:
• पूरी तरह से सामान्य रूप से भोजन करने लगा,
• वजन बढ़ने लगा,
• और सारा दर्द बिल्कुल समाप्त हो गया।

यह सफलता सवाई मानसिंह चिकित्सालय में उपलब्ध उन्नत रोबोटिक तकनीक, विशेषज्ञ सर्जनों की कुशलता और समय पर किए गए सटीक निदान का उत्कृष्ट उदाहरण है। इतनी दुर्लभ बीमारी का सफल उपचार चिकित्सा जगत के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। रोबोटिक तकनीक द्वारा इस दुर्लभ बीमारी का सफल ऑपरेशन डॉक्टर जीवन कांकरिया एवं उनकी टीम द्वारा किया गया इसमें एनेस्थीसिया विभाग से डॉक्टर सुशील भाटी डॉक्टर सुनील चौहान डॉक्टर कंचन एवं डॉक्टर इंदू का योगदान रहा तथा साथ में सुनील एवं एबी सिस्टर का सहयोग रहा !

[post-views]
Share
Now