उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में शनिवार रात एक रेस्टोरेंट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बर्थडे पार्टी के दौरान हंगामा कर दिया। मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर स्थित ‘द डेन कैफे एंड रेस्टोरेंट’ का है।जानकारी के अनुसार, बदायूं की रहने वाली एक नर्सिंग छात्रा बरेली के एक हॉस्टल में रहकर बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। शनिवार को उसका जन्मदिन था, जिसे सेलिब्रेट करने के लिए वह अपने 10 दोस्तों के साथ रेस्टोरेंट पहुंची थी। इस ग्रुप में 6 लड़कियां और 4 लड़के शामिल थे।आरोप है कि पार्टी शुरू होने के कुछ समय बाद करीब 25 बजरंग दल कार्यकर्ता अचानक रेस्टोरेंट में घुस आए। उन्होंने ग्रुप में मौजूद दो मुस्लिम छात्रों पर लव जिहाद का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान धार्मिक नारे भी लगाए गए, जिससे मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।घटना के कारण रेस्टोरेंट में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। बर्थडे मना रही छात्रा घबराकर रोने लगी और लगातार अपने दोस्तों को न पीटने की गुहार लगाती रही, लेकिन हंगामा थमता नजर नहीं आया।सूचना मिलने पर डायल 112 और प्रेमनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके पर लगाए गए आरोपों की जांच की, जिसमें लव जिहाद से जुड़ा कोई भी तथ्य सही नहीं पाया गया।छात्रा ने पुलिस को बयान दिया कि यह केवल एक सामान्य बर्थडे पार्टी थी और वहां किसी भी तरह की आपत्तिजनक गतिविधि नहीं हो रही थी।इस बीच घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिस और छात्रा के बीच धक्का-मुक्की होती दिखाई दे रही है, जिसे लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए रविवार को बजरंग दल से जुड़े दीपक पाठक और ऋषभ ठाकुर के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है, जबकि 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। वहीं, मारपीट में घायल दोनों मुस्लिम छात्रों को हिरासत में लिया गया है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






