उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य कर्मचारियों को दिवाली का बड़ा तोहफा दिया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए राज्य सरकार ने बोनस की घोषणा की है, जिससे प्रदेश के 14.82 लाख कर्मचारियों को लाभ मिल सकेगा।
इस पर सरकार लगभग 1022 करोड़ रुपये खर्च करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बोनस का भुगतान प्रोडक्टिविटी के आधार पर किया जाएगा, जो अधिकतम 7 हजार रुपये तक होगा। 30 दिनों की उत्पादकता की गणना के बाद, प्रत्येक कर्मचारी को औसतन 6908 रुपये का फायदा मिलेगा।
बोनस का लाभ उन पूर्णकालिक अराजपत्रित कर्मचारियों को मिलेगा जिनका पद वेतन मैट्रिक्स लेवल 8 (47,600–1,51,100 रुपये) तक और ग्रेड स्केल 4800 तक है। इसमें सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं के कर्मचारी, स्थानीय निकाय और जिला पंचायत कर्मचारी, दैनिक वेतनभोगी भी शामिल हैं।
राज्य सरकार दिवाली से पहले ही सभी पात्र कर्मचारियों के खाते में बोनस राशि जमा कर देगी, ताकि त्योहार की खुशियां दोगुनी हो सकें।
रिपोर्ट: ज्योति नौटियाल






