(उत्तर प्रदेश), 14 जुलाई कानपुर पुलिस ने बिकरू पुलिस मुठभेड़ के आरोपी और गैंगस्टर विकास दुबे के सहयोगी शशिकांत को सोमवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।
शशिकांत के सिर पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।शशिकांत से पूछताछ के आधार पर पुलिस मुठभेड़ में लूटी गयी पुलिस की एके 47 रायफल और उसके 17 कारतूस तथा इंसास रायफल और उसके 20 कारतूस बरामद किए गए हैं।
एडीजी (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने मंगलवार को कानपुर में एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार के इनामी अभियुक्त शशिकांत उर्फ सोनू को सोमवार देर रात्रि दो बज कर पचास मिनट पर चौबेपुर से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि शशिकांत ने पूछताछ में जानकारी दी कि लूटा गया असलहा उसके और विकास दुबे के मकान में छिपा है। इसी के आधार पर विकास दुबे के घर से एके 47 रायफल और 17 कारतूस और शशिकांत के घर से इंसास रायफल और 20 कारतूस बरामद हुये हैं। ये हथियार मुठभेड़ के दौरान पुलिस से लूटे गये थे।
उन्होंने बताया कि बिकरू पुलिस मुठभेड़ में 21 नामजद अभियुक्तों में से चार अभियुक्त गिरफ्तार किये गये हैं, छह अभियुक्त अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में मारे गये हैं। अभी 11 नामजद अभियुक्त की तलाश की जा रही है।
उन्होने बताया कि हत्या की जघन्य वारदात की रात कौन कौन से पुलिस के कर्मचारी अपराधियों के संपर्क में थे। इस पर पुलिस की कड़ी नजर है। विकास दुबे के संपर्क में रहने वाले किसी भी अधिकारी,पुलिसकर्मी अथवा अन्य को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच में यह भी पता चला है कि विकास दुबे ने गिरोह के सदस्यों से पुलिसकर्मियों से लूटे गये हथियार और गोला बारूद अपने घर में छिपाने को कहा था।