लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । विभूतिपुर के विधायक कॉ. अजय कुमार ने अपने विधानसभा क्षेत्र में हुई विभिन्न दुखद घटनाओं के पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने संबंधित घटनाओं की जांच और पीड़ित परिवारों को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
विधायक ने शाखमोहन पंचायत में मुर्गा व्यवसाय से जुड़े युवक की हत्या के बाद उसके शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। बताया गया कि युवक की अपराधियों ने गला काटकर हत्या कर दी थी। विधायक ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से हत्याकांड की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की भी मांग की।
इसके बाद विधायक कॉ. अजय कुमार मध्य विद्यालय, चकबिदुलिया पहुंचे, जहां बीते दिनों परिसर में पेड़ गिरने से तीन स्कूली बच्चों की मौत हो गई थी। उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और घटना पर गहरा दुख जताया। विधायक ने शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन से मामले में लापरवाही की जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की।
दौरे के बाद विधायक विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में भी शामिल हुए।











