लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर । आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर शनिवार को अनुमंडल सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारियों के साथ सभी दलों के जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, बिजली आपूर्ति, अग्निशमन व्यवस्था, स्वच्छता और विधि-व्यवस्था समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा सामूहिक उत्सव है और इसे आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने पूजा समितियों से समय रहते आवश्यक अनुमतियां लेने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।
यातायात डीएसपी ने पूजा के दौरान मुख्य मार्गों पर पार्किंग और संभावित डायवर्जन की व्यवस्था की जानकारी दी। अग्निशमन पदाधिकारी ने पूजा पंडालों में अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता और आपात स्थिति में निकासी मार्ग को सुरक्षित रखने पर जोर दिया। वहीं, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता ने निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ अस्थायी विद्युत कनेक्शनों के सुरक्षित उपयोग की आवश्यकता बताई।
बैठक में नगर आयुक्त, यातायात डीएसपी, अग्निशमन पदाधिकारी, विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, अनुमंडल क्षेत्र के अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी दलों के जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक के अंत में सभी विभागों और जनप्रतिनिधियों ने आपसी समन्वय के साथ दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने का संकल्प लिया।









