Home / News / डीएम नवदीप शुक्ला की पहल से गांव-गांव पहुंच रहा प्रशासन, सहयोग शिविर में समस्याओं का हो रहा त्वरित समाधान

डीएम नवदीप शुक्ला की पहल से गांव-गांव पहुंच रहा प्रशासन, सहयोग शिविर में समस्याओं का हो रहा त्वरित समाधान

बांका में जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला के नेतृत्व में प्रशासन आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए गांव-गांव पहुंच रहा है। जनता की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सहयोग शिविर” अभियान को लेकर जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है।
मंगलवार को जिला पदाधिकारी नवदीप शुक्ला एवं पुलिस कप्तान उपेंद्र नाथ वर्मा ने अमरपुर प्रखंड के बैजूडीह और बल्लीकित्ता पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का जायजा लिया, प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की तथा आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उनकी पहल से प्रशासनिक सेवाएं सीधे पंचायत स्तर तक पहुंच रही हैं, जिससे ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
शिविर में राशन कार्ड, नल-जल योजना, राजस्व विभाग सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए गए। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविर में लोगों की ब्लड शुगर, रक्तचाप सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की गई तथा चिकित्सीय परामर्श भी उपलब्ध कराया गया।
डीएम नवदीप शुक्ला ने कहा कि जिले के सभी पंचायतों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने आमजनों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन दें और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
जिला प्रशासन की यह पहल आम जनता और प्रशासन के बीच की दूरी को कम करने के साथ-साथ सुशासन और जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी दर्शा रही है। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।

Tagged:
[post-views]
Share
Now