अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपने उस पुराने दावे को दोहराया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्होंने दुनिया भर में चल रहे सात देशों के संघर्षों को खत्म करवाने में बड़ी भूमिका निभाई है। बता दे की ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने का भी क्रेडिट खुद को दिया है। हालांकि, भारत पहले ही इस बात को स्पष्ट कर चुका है कि भारत-पाक मसलों में किसी तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं हो सकती।

साथ ही जब उनसे टैरिफ को लेकर सवाल किया गया तो ट्रंप ने दावा किया कि अगर उनके पास टैरिफ लगाने का अधिकार न होता, तो आज कम से कम चार देशों में युद्ध की स्थिति बनी होती। उनके अनुसार, अमेरिकी टैरिफ ही वह कारण है जिसकी वजह से भारत और पाकिस्तान के बीच इस साल की शुरुआत में संघर्ष विराम संभव हो सका। उन्होंने इसे अमेरिका की “शांति स्थापना” में भूमिका का उदाहरण बताया।

जानकारी के मुताबिक ट्रंप ने यह भी कहा कि टैरिफ से अमेरिका को न केवल आर्थिक फायदा हुआ है, बल्कि इससे देश की वैश्विक छवि एक शांतिदूत के रूप में उभरी है। भारत-पाकिस्तान युद्धविराम के मुद्दे पर ट्रंप पहले भी कई बार यह दावा कर चुके हैं कि उनकी मध्यस्थता से दोनों देशों के बीच तनाव कम हुआ। और 10 मई 2025 को उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि वॉशिंगटन की पहल पर हुई बातचीत के बाद भारत और पाकिस्तान युद्धविराम पर सहमत हुए।
रिपोर्ट:- कनक चौहान






