रिपोर्टर पप्पू लाल पंचोली
फूलियाकलां में दर्दनाक हादसा, पानी के पॉन्ड में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत
उपखंड क्षेत्र के शिवपुरा हुकमपुरा का खेड़ा गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय किशोर की पानी के पॉन्ड में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार शिवपुरा निवासी रामकिशन पुत्र गोपाल भील ने फूलियाकलां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भतीजा राजू पुत्र महावीर भील (14) गुरुवार सुबह करीब 10 बजे गांव के विकास पुत्र बीजूलाल भील के साथ बकरियां चराने खेतों की ओर गया था। दोपहर करीब 2 बजे विकास ने परिजनों को सूचना दी कि राजू का पैर फिसलने से वह जगदीश जाट के खेत स्थित पानी के पॉन्ड में गिर गया और डूब गया।
सूचना मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद राजू को पॉन्ड से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उसे तत्काल फूलियाकलां अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर फूलियाकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
थानाधिकारी राजकुमार नायक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किशोर की मौत पैर फिसलने के कारण पानी के पॉन्ड में डूबने से होना सामने आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इधर, हादसे से शोकाकुल परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता एवं मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। गांव में इस दर्दनाक घटना के बाद मातम का माहौल है।
ग्रामीणों की मशक्कत के बाद निकाला शव, 14 वर्षीय राजू की डूबने से मौत






