Home / News / जन संवाद में डीएम ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन का निर्देश

जन संवाद में डीएम ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन का निर्देश

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

समस्तीपुर । समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में सोमवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों ने अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों से संबंधित आवेदन जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।
जन संवाद में भूमि एवं राजस्व, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, बिजली, सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मामले सामने आए। जिलाधिकारी ने एक-एक कर आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की नियमानुसार जांच कर समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि जन संवाद का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके समाधान की प्रक्रिया को प्रभावी और त्वरित बनाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन संवाद में प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें। जिन मामलों में दूसरे विभाग अथवा उच्चतर स्तर से कार्रवाई आवश्यक हो, वहां संबंधित कार्यालयों से समन्वय स्थापित कर समाधान की दिशा में पहल की जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े। साथ ही, प्राप्त आवेदनों की कार्रवाई एवं निष्पादन की स्थिति का नियमित अनुश्रवण करने को कहा गया।
सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा साक्षी को आवश्यक कार्रवाई एवं अनुश्रवण का निर्देश दिया गया। वहीं, राजस्व एवं भूमि संबंधी मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित राजस्व पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, राजस्व प्रभारी धर्मराज, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा साक्षी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now