सहारनपुर में उद्यमियों के ज्ञानवर्धन और व्यापारिक जटिलताओं के समाधान के लिए इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) सहारनपुर चैप्टर द्वारा एक महत्वपूर्ण ‘जीएसटी एवं एमएसएमई संवाद जागरूकता कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। दिल्ली रोड स्थित होटल दि ओएसिस में आयोजित इस कार्यशाला की अध्यक्षता आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं कार्यवाहक चैप्टर चेयरमैन प्रमोद सड़ाना ने की। कार्यक्रम में जीएसटी विभाग, जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) और बैंकिंग क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जिनका संस्था के पदाधिकारियों द्वारा पौधा और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए कार्यवाहक चैप्टर चेयरमैन प्रमोद सड़ाना ने कहा कि आज का युग ‘नॉलेज इकोनॉमी’ का है, जहाँ नियमों को समझकर ही आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला उद्योग और प्रशासन के बीच विश्वास और सहयोग को मजबूत करने का एक सार्थक प्रयास है। मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे राष्ट्रीय अभियानों को सफल बनाने में एमएसएमई सेक्टर की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए चैप्टर सचिव कुशल शर्मा ने कहा कि स्थानीय उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने के लिए आईआईए समय-समय पर ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यशाला में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे जीएसटी विभाग के संयुक्त आयुक्त अमित पाठक ने कहा कि उद्यमियों की समस्याओं का समाधान करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके बाद डिप्टी कमिश्नर राजीव सिंह, अखिलेश मिश्रा और परितोष मिश्रा ने उद्यमियों को जीएसटी रिटर्न, इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC), ई-इनवॉइसिंग, ई-वे बिल और ऑडिट से जुड़ी बारीकियों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उद्यमियों ने रिफंड प्रक्रिया में आने वाली व्यावहारिक दिक्कतों और नोटिसों को लेकर कई सवाल उठाए, जिनका अधिकारियों ने मौके पर ही विस्तारपूर्वक समाधान किया।
जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी) की ओर से सहायक उपायुक्त उद्योग प्रमोद कुमार और अनुज लावणिया ने उत्तर प्रदेश एमएसएमई प्रोत्साहन नीति-2022, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, ओडीओपी और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) जैसी लाभकारी योजनाओं के बारे में बताया। वहीं, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के प्रतिनिधि अभिषेक भदौरिया ने उद्योगों के लिए टर्म लोन, वर्किंग कैपिटल और डिजिटल बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी दी। इस संवाद कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमाद मिगलानी और रामजी सुनेजा सहित लगभग 70 से अधिक प्रमुख उद्यमियों ने हिस्सा लिया और इसे बेहद उपयोगी बताया।
रिपोर्ट Naim.sagar






