उत्तर प्रदेश के आगरा के खंदौली क्षेत्र में इंसानियत और शालीनता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां BJP के बूथ अध्यक्ष आनंद शर्मा को महिला कार्यकर्ताओं ने सरेआम चप्पलों, थप्पड़ों और घूंसों से पीट दिया। वजह जानकर कोई भी हैरान रह जाएगा – आरोप है कि आनंद लंबे समय से महिला कार्यकर्ताओं को अश्लील मैसेज और वीडियो भेज रहा था।रविवार दोपहर जब महिलाओं का सब्र टूटा, तो वे सीधे आनंद शर्मा के घर पहुंच गईं। कॉलर पकड़कर उसे खींचते हुए घर से बाहर निकाला और उसकी पत्नी के सामने ही 1 मिनट 15 सेकंड में 22 चप्पलें बरसा दीं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिलाएं किस कदर गुस्से में थीं और आनंद हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा, लेकिन किसी ने एक न सुनी।आरोप है कि आनंद न सिर्फ महिला कार्यकर्ताओं को आपत्तिजनक सामग्री भेज रहा था, बल्कि उसने चेहरा ढंककर खुद के अश्लील वीडियो बनाकर भी महिलाओं को भेजे। इससे महिलाओं की सहनशीलता की सारी सीमाएं टूट गईं।

महिलाओं ने वीडियो में दिखाई देने वाले उसी कमरे की पहचान की और फिर पुख्ता यकीन के बाद आनंद को पकड़कर उसी जगह पर सजा दी। महिलाओं का कहना है कि उन्होंने पहले भी आनंद को चेतावनी दी थी, लेकिन उसने सुधरने के बजाय हरकतें और बढ़ा दीं।हैरानी की बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम के बाद भी किसी भी महिला ने अभी तक पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।यह घटना सिर्फ एक व्यक्ति की गिरी हुई हरकत नहीं है, बल्कि समाज के उस दर्द को भी उजागर करती है जहां महिलाएं बार-बार अपमानित होने के बाद मजबूर होकर खुद न्याय का रास्ता चुनती हैं। सवाल यह है कि ऐसे मामलों में राजनीतिक दल क्या रुख अपनाते हैं और क्या कार्रवाई होती है?






