रिपोर्ट: सैयद फरहान अहमद ‘अलिग’, एक्सप्रेस भारत न्यूज़ दिनांक: 15 मई 2026
पटना: बिहार सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राज्य के सभी जिलों के लिए नए प्रभारी मंत्रियों (Minister-in-charge) की नियुक्ति की घोषणा कर दी है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग द्वारा आज जारी अधिसूचना के अनुसार, पूर्व के सभी आदेशों को निरस्त करते हुए नए मंत्रियों को जिलों का प्रभार सौंपा गया है। ये सभी माननीय मंत्री संबंधित जिलों की ‘जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति’ के अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी संभालेंगे।
प्रमुख नियुक्तियाँ और आवंटित जिले
नई अधिसूचना के तहत वरिष्ठ मंत्रियों को महत्वपूर्ण जिलों की कमान सौंपी गई है। आवंटित जिलों की सूची इस प्रकार है:
- श्री विजय कुमार चौधरी: पटना और नालंदा
- श्री विजय कुमार सिन्हा: गया जी और गोपालगंज
- डॉ. संतोष कुमार सुमन: नवादा
- श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव: सारण
- श्री श्रवण कुमार: पूर्वी चम्पारण और शिवहर
- डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल: मुजफ्फरपुर और बांका
- श्रीमती लेशी सिंह: मधुबनी
- श्री अशोक चौधरी: रोहतास
- मो. जमा खान: जहानाबाद
- श्री दीपक प्रकाश: अरवल
**विकास कार्यों में आएगी तेजी सरकार के इस कदम को राज्य में विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और निगरानी से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रभारी मंत्री जिले में चल रही योजनाओं की समीक्षा करेंगे और स्थानीय समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करेंगे।
मंत्रिमंडल सचिवालय के विशेष सचिव अरविन्द कुमार वर्मा द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। इस नए फेरबदल से राज्य की जमीनी राजनीति और प्रशासनिक ढांचे में नई ऊर्जा आने की उम्मीद है।






