आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत (14 मार्च 2026) के सफल आयोजन को लेकर आज दिनांक 07.03.2026 को बांका न्याय मंडल के सभी न्यायिक पदाधिकारियों की बैठक व्यवहार न्यायालय, बांका के मीटिंग हॉल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्य भूषण आर्य ने की।
बैठक में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम अभिषेक कुमार भान, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय कुमार अमित मनु, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-सह-स्पेशल जज (एक्साइज कोर्ट) विनीत कुमार सिंह, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश-सह-स्पेशल जज (पॉक्सो कोर्ट) मुकेश कुमार, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मो० शाहनवाज़ आलम सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने बताया कि इस वर्ष की पहली राष्ट्रीय लोक अदालत 14 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। इसकी तैयारी को लेकर अब तक आपराधिक सुलहनीय मामलों में सभी न्यायालयों से लगभग 4300 नोटिस तामिला किए जा चुके हैं। वहीं बैंकिंग मामलों में अब तक 4500 नोटिस भेजे जा चुके हैं तथा और अधिक लोगों को नोटिस भेजे जाने की प्रक्रिया जारी है।
इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में कई प्रकार के सिविल एवं क्रिमिनल सुलहनीय वादों का निस्तारण किया जा सकता है। इनमें सुलहनीय आपराधिक मामले, टेलीफोन बिल से संबंधित वाद, चेक बाउंस के लंबित मामले, बैंक रिकवरी वाद, मोटर दुर्घटना मुआवजा वाद, श्रम विवाद, बिजली एवं पानी बिल से जुड़े वाद, वैवाहिक व पारिवारिक विवाद, भूमि अधिग्रहण वाद, किराया संबंधी मामले, कॉपीराइट्स, उपभोक्ता मामले सहित अन्य सिविल वादों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर किया जाएगा।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने आमजनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में 14 मार्च 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में पहुंचकर अपने सुलहनीय मामलों का निष्पादन कराएं तथा इस व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।







