Home / Sports / खुशी का पल गम में… बेंगलुरु भगदड़ पर विराट कोहली ने तोड़ी चुप्पी, किया ये वादा……

खुशी का पल गम में… बेंगलुरु भगदड़ पर विराट कोहली ने तोड़ी चुप्पी, किया ये वादा……

इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने फाइनल मुकाबले में पंजाब किंग्स को हराकर 18 साल बाद पहली बार खिताब जीता था। इस जीत से न सिर्फ आरसीबी के खिलाड़ी बल्कि बेंगलुरु के फैंस भी बेहद खुश थे। इस खुशी को और खास बनाने के लिए आरसीबी ने 4 जून को बेंगलुरु में विजय जुलूस का आयोजन किया था। लेकिन वहां बड़ी संख्या में फैंस के इकट्ठा होने से भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई।

इस दर्दनाक हादसे के लगभग तीन महीने बाद आरसीबी के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली ने एक बयान दिया, जिसे टीम ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया। कोहली ने कहा कि जिंदगी में कुछ भी आपको 4 जून जैसे दिल तोड़ने वाले हादसे के लिए तैयार नहीं करता। जो दिन हमारी फ्रेंचाइजी के लिए सबसे खुशी का मौका होना चाहिए था, वह एक दुखद घटना में बदल गया। वे उन परिवारों के बारे में सोच रहे हैं जिन्होंने अपने अपनों को खोया और उन फैंस के लिए भी जो घायल हुए। कोहली ने कहा कि यह नुकसान अब हमारी कहानी का हिस्सा है और हम सब मिलकर जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ेंगे।

आरसीबी ने मृतकों के परिवारों को 25 लाख रुपए “आरसीबी केयर्स” के जरिए मदद देने का फैसला किया है। इस हादसे में करीब 33 लोग घायल भी हुए थे। न्यायिक जांच भी जारी है, जिसके कारण एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में अब तक कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला गया है। साथ ही, महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के मैच अब नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में आयोजित किए जाएंगे।

Tagged:
[post-views]
Share
Now