दीपक यादव हमीरपुर उत्तर प्रदेश
हमीरपुर। उप जिलाधिकारी व ड्रग इंस्पेक्टर सहित पुलिस अधिकारियों ने मौदहा नगर के एक मेडिकल स्टोर में छापा डालकर आधा दर्जन से अधिक दवाओं के सैंपल लेने के अलावा मेडिकल स्टोर के पीछे के हाते में सैकड़ो कफ सिरप की खाली शीशियां बरामद की है। मेडिकल स्टोर के गोदाम की चाबी न मिलने पर उसे सीज कर मेडिकल स्टोर मालिक से तीन दिन के अंदर सभी दस्तावेज दिखाने की चेतावनी दी है। अधिकारियों की इस कार्यवाही से नगर के अधिकांश मेडिकल स्टोर्स के शटर बंद हो गए। जिससे स्थानीय मरीजों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस मामले में उप जिलाधिकारी ने जांच पड़ताल के बाद उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।
मौदहा नगर के मलीकुंआ चौराहा के समीप स्थित श्री नारायण मेडिकल स्टोर पर उप जिलाधिकारी करणवीर सिंह, ड्रग इंस्पेक्टर मनोज कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय व कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह की मौजूदगी में छापेमारी हुई तो मेडिकल स्टोर के पीछे हाते के अंदर कफ सिरप की सैकड़ो खाली शीशियां पड़ी देख जांच टीम द्वारा सभी खाली शीशियां एकत्रित की गई। जब मेडिकल स्टोर मालिक से हाते के अंदर उसके गोदाम की चाबी मांगी गई तो चाबी उपलब्ध न होने पर उप जिलाधिकारी की मौजूदगी में गोदाम को सीज कर दिया गया। उसके बाद मेडिकल स्टोर से आधा दर्जन से अधिक दवाओं के सैंपल लिए और मेडिकल स्टोर के मालिक से तीन दिन के अंदर सभी दस्तावेज पेश करने के आदेश दिए हैं। इस मामले में उप जिलाधिकारी करणवीर सिंह का कहना है कि जांच पड़ताल के बाद उचित कार्यवाही की जाएगी। उप जिलाधिकारी व ड्रग इंस्पेक्टर की इस कार्यवाही से नगर के मेडिकल स्टोर्स मालिकों में हड़कंप मच गया है। अधिकांश मेडिकल स्टोर्स मालिकों ने अपनी दुकान के शटर गिरा ताले लगा दिए। जिससे स्थानीय मरीजों को दवाओं के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। बताते चलें कि नगर में काफी अरसे से दवाओं की दुकानों की आड़ में नशे के कफ सिरप व नशीली गोलियां बिक रही है। जिससे जिनकी लत लगने से युवा पीढ़ी बर्बादी के कगार पर पहुंच रही है। दर्जनों युवक इन दवाओं का सेवन करने से असमय ही काल के गाल में समा चुके हैं। अधिकारियों द्वारा की गई इस कार्यवाही से नशीली दवाओं की बिक्री पर कितनी लगाम लगती है अब यह समय ही बताएगा।








