लखनऊ के बड़ा इमामबाड़ा में ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड की ओर से एक महाअधिवेशन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ नेपाल और बांग्लादेश से भी लगभग दो हजार लोग शामिल हुए।
इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के मौलाना आगा सैय्यद अब्बास रिजवी ने कहा कि आज के समय में जवानों को ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ जैसे नारों के नाम पर डराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम भारत को आंखों से नहीं, बल्कि दिल और मोहब्बत की नजर से देखते हैं। जिस तरह का व्यवहार पाकिस्तान में शिया समुदाय के साथ हो रहा है, वैसा ही हाल यहां भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में शिया समुदाय की आबादी 7 सात करोड़ है, इसके बावजूद केंद्र और राज्य सरकारों में उन्हें उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है।
इस महाअधिवेशन की अध्यक्षता ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के अध्यक्ष मौलाना सैय्यद मेहंदी ने की। कार्यक्रम में शिया समाज की वर्तमान स्थिति, उनके अधिकारों और वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। यह अधिवेशन लगभग चार घंटे तक चला।
वहीं, जम्मू-कश्मीर के मौलाना आगा सैय्यद अब्बास रिजवी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बलिया से भाजपा विधायक केतकी सिंह ने कहा कि यदि कोई भारत में रहना चाहता है तो उसे राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत और राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान में योगी आदित्यनाथ की सरकार है और इस बात को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि बरेली में पहले भी एक मौलाना द्वारा ऐसे बयान दिए गए थे, लेकिन उन्हें उचित जवाब मिला था। उनका कहना था कि समाज में इस तरह के बयान नहीं देने चाहिए।






