सपा से अपनी बर्खास्तगी के नौवें दिन विधायक पूजा पाल ने पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने अपने एक्स (X) अकाउंट पर “अन्याय और विश्वासघात के खिलाफ मेरी आवाज़!” शीर्षक नाम से एक दो-पन्नों का पत्र पोस्ट करते हुए सपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने लिखा- पार्टी से निष्कासन केवल मेरा नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश की पिछड़ी, दलित और गरीब जनता की आवाज़ को दबाने का प्रयास है। मैंने संघर्ष किया है और आगे भी न्याय की लड़ाई लड़ती रहूंगी।”
पूजा पाल ने दावा किया कि सपा में पिछड़े, अति-पिछड़े और दलित “दूसरे दर्जे के नागरिक” हैं, जबकि मुस्लिमों को “पहले दर्जे के नागरिक” का दर्जा दिया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि सपा की पहली प्राथमिकता मुस्लिम अपराधियों का सम्मान करना और उनकी ताकत बढ़ाना है।
पति के हत्यारों को न्याय न मिलने का दर्द
पूजा पाल ने अपने पत्र में यह भी बताया कि उन्होंने अपने पति राजू पाल के हत्यारों को सज़ा दिलवाने के लिए अखिलेश यादव से कई बार अनुरोध किया, लेकिन उन्हें केवल निराशा ही मिली। उन्होंने अखिलेश यादव के अहंकार पर सवाल उठाते हुए कहा, “आपका अहंकार ही है कि एक विधवा अति-पिछड़ी जाति की बेटी के भीतर आपको गुनाह दिखता है, लेकिन बीजेपी को वोट देने वाली पत्नी डिंपल का गुनाह नहीं दिखता।”
‘अगर मेरी भी हत्या हुई तो अखिलेश यादव होंगे जिम्मेदार’
पूजा पाल ने अपने बयान से सबको चौंका दिया जब उन्होंने यह कहा कि अगर उनके पति की तरह उनकी भी हत्या होती है, तो इसके लिए समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को ही दोषी माना जाए।
विधायक पूजा पाल का “X” पर लिखा गया ओपेन लेटर
मैं विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करके दो बार विधायक बनी बिना समाजवादी पार्टी के सहयोग के, किन्तु मेरे पति के हत्यारे को पहले की सरकारों द्वारा संरक्षण दिया जाता रहा है, आपके आने के उपरान्त हमें कुछ आपके कार्य व्यवहार से ऐसा आभाष हुआ कि अपराधियों के विरूद्ध आप हम जैसे पिछड़े/गरीब लोगों को भी न्याय दिला सकते हो, इसी कारण मैनें समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं / नेताओं के कहने से पार्टी ज्वाइन कर चुनाव लड़ी और तीसरी बार विधायक बनी, किन्तु जब मैं समाजवादी पार्टी में कार्य करने लगी तो मुझे एहसास होने लगा कि यहाँ पिछड़े, अति पिछड़े और दलित सब दूसरे दर्जे के नागरिक है, पहले दर्जे के नागरिक तो मुस्लिम ही है, वह चाहे जितने बड़े अपराधी हों, उनको सम्मान देना, उनको ताकत देना, उनकी शक्ति बढ़ाना समाजवादी पार्टी की पहली प्राथमिकता है। मैंने बहुत प्रयास किया कि आप हमारे पति के हत्यारों को उनके किये कि सजा दिलायेगें, लेकिन उत्तरोत्तर प्रयास के बावजूद सिर्फ निराशा ही हाथ लगी।
किन्तु भारतीय जनता पार्टी में चाहे जितना बड़ा अपराधी हो उसे सजा दी जाती है, ऐसा एहसास हमको होने लगा और जिसका परिणाम हम और सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश वासियों ने देखा, जब मेरे पति के हत्यारे व उनके परिवारवालों को दण्ड मिला तो समाजवादी पार्टी और सैफई परिवार के प्रत्येक सदस्य ने मेरे पति के हत्यारे के पक्ष में सदन से सड़क तक आवाज बुलन्द की, इस कारण मुझे आपकी नीतियों से भरोसा उठ गया।






