बांका के जिला स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से पर्यावरण संरक्षण का विशेष संदेश दिया गया। सिविल सर्जन के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, वहीं स्वास्थ्य संस्थानों को ब्लू लाइट से सजाकर उत्सव का माहौल बनाया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व सिविल सर्जन, बांका डॉ. जितेन्द्र कुमार सिंह ने किया।
इस दौरान सिविल सर्जन कार्यालय, एसीएमओ कार्यालय एवं सदर अस्पताल, बांका परिसर में पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण के लिए जनसहभागिता को प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में जिला गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. बिजय कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सिविल सर्जन डॉ. जितेन्द्र कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए आवश्यक है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ भविष्य के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे और सभी ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
जिला स्थापना दिवस पर हरित संदेश के साथ स्वास्थ्य विभाग की यह पहल न सिर्फ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि आम लोगों को भी प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करती है। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।






