लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
समस्तीपुर/विभूतिपुर। हरिओम सेवा समिति के तत्वावधान में सिंघिया घाट रेलवे परिसर में आयोजित कृष्ण जन्माष्टमी मेला का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। रोसड़ा अनुमंडल पदाधिकारी पूजा कुमारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी संजय कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर मेला का उद्घाटन किया। इसके बाद पदाधिकारियों एवं अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
धार्मिक आयोजन से सामाजिक सौहार्द को मिलता है बढ़ावा
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एसडीओ पूजा कुमारी ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मेला को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की अपील की।
मेला समिति के पूर्व अध्यक्ष रामयतन प्रसाद सिंह ने भी आयोजन की सराहना करते हुए लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार समाज को एकजुट करने और आपसी सद्भाव का संदेश देने का काम करते हैं।
अरविंद कुमार ने किया मंच संचालन
कार्यक्रम का मंच संचालन सरपंच सह सरपंच संघ विभूतिपुर के अध्यक्ष अरविंद कुमार ने किया। इस दौरान मेला समिति के वर्तमान अध्यक्ष सह पूर्व मुखिया उपेंद्र महतो, प्रेमचंद प्रियदर्शी सहित अन्य वक्ताओं ने कार्यक्रम को संबोधित किया। वक्ताओं ने भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों एवं उनके जीवन संदेश पर प्रकाश डालते हुए आयोजन की सराहना की।
पाग, चादर, पुष्पगुच्छ व राधा-कृष्ण की प्रतिमा देकर किया सम्मानित
आयोजकों की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों, पत्रकार बंधुओं एवं हरिओम सेवा समिति के सदस्यों को पाग, चादर, पुष्पगुच्छ एवं राधा-कृष्ण की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान आयोजकों ने अतिथियों एवं पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया।
मेला समिति के अध्यक्ष सह पूर्व मुखिया उपेंद्र महतो ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले प्रशासनिक पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों, समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से कृष्ण जन्माष्टमी मेला को बेहतर एवं शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित किया जा रहा है। अंत में उन्होंने धन्यवाद ज्ञापन किया।
मौके पर सचिव संदीप कुमार उर्फ मिठ्ठू कुमार, कोषाध्यक्ष आलोक कुमार, उपाध्यक्ष अशोक साह, सह सचिव अवधेश कुमार, सह कोषाध्यक्ष विद्दु साह, सदस्य राहुल कुमार, अजीत कुमार, चंदन कुमार, रविंद्र कुमार, श्री बाबू, हरिश्चंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मेला के उद्घाटन के अवसर पर रेलवे परिसर में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही। जन्माष्टमी को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया।











