त्योहारों को लेकर बढ़ी प्रतिमाओं की मांग, सुबह से शाम तक रंगाई-पुताई और सजावट में जुटे कलाकार
तुमान ।कोरबा जिले के ग्राम पंचायत तुमान में स्थानीय मूर्तिकार इन दिनों भगवान गणेश, मां दुर्गा, भगवान विश्वकर्मा, गौरा-गौरी और माता लक्ष्मी सहित विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। त्योहारों को लेकर प्रतिमाओं की मांग बढ़ने से मूर्तिकार सुबह से शाम तक प्रतिमाओं को आकार देने, रंगाई-पुताई और आकर्षक सजावट के कार्य में लगे हुए हैं।
स्थानीय मूर्तिकार श्याम दिवाकर ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की अच्छी मांग है। त्योहारों से पहले सभी प्रतिमाओं को समय पर तैयार करने के लिए लगातार मेहनत की जा रही है। प्रतिमाओं को आकर्षक रूप देने के लिए रंगों और सजावट का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय मूर्तिकारों की कला क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रतिमाओं के निर्माण से जहां लोगों को पूजा-पर्व के लिए स्थानीय स्तर पर प्रतिमाएं उपलब्ध होती हैं, वहीं मूर्तिकला कई परिवारों के लिए रोजगार और आजीविका का महत्वपूर्ण साधन भी बनी हुई है।
अशोक कुमार श्रीवास की खास रिपोर्ट तुमान से









