Home / News / गैंगस्टर शोर अली जाफरी ने गनर पर किया जानलेवा हमला, चाकू से वार

गैंगस्टर शोर अली जाफरी ने गनर पर किया जानलेवा हमला, चाकू से वार

वेतन नहीं देने पर हुई कहासुनी, एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज

सीबीगंज। डी फार्मा की फर्जी डिग्री बांटने के मामले में जेल जा चुके गैंगस्टर शोर अली जाफरी पर अपने गनर पर चाकू से जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। घटना के बाद गनर ने सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शिवनगर कॉलोनी निवासी योगेश गुप्ता ने एसएसपी अनुराग आर्य को शिकायत देकर बताया कि वह करीब एक साल से शोर अली जाफरी के यहां गनर की नौकरी कर रहे हैं। उन्हें 28 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन तय किया गया था। आरोप है कि मार्च 2026 से 22 अगस्त 2026 तक का करीब 1,60,533 रुपये वेतन उन्हें नहीं दिया गया।

योगेश के मुताबिक, वेतन मांगने पर शोर अली जाफरी टालमटोल करने लगा। योगेश ने बताया कि जाफरी खुद को खुर्शो डिग्री कॉलेज का मालिक बताता है। उसके खिलाफ फर्जी डिग्री बांटने के मामले में जेल जाने के साथ चेक बाउंस के मामले भी दर्ज हैं।

कॉलेज में बुलाकर पीटा, चाकू से किया हमला

योगेश ने बताया कि 21 अगस्त को शोर अली जाफरी उन्हें अपने साथ पीलीभीत के जहानाबाद स्थित खुर्शो डिग्री कॉलेज ले गया। अगले दिन जाफरी सीबीगंज स्थित अपने कॉलेज में आया। दोपहर में योगेश ने वहां पहुंचकर अपना वेतन मांगा तो आरोप है कि शोर अली जाफरी ने उन्हें दफ्तर में बंद कर लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।

आरोप है कि इसके बाद जाफरी ने योगेश पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी कलाई कट गई। योगेश का दावा है कि जाफरी ने धमकी दी कि दोबारा रुपये मांगने पर जान से मार देगा।

योगेश ने यह भी आरोप लगाया कि जाफरी ने लड़कियों की ओर से फर्जी मुकदमे दर्ज कराने और फर्जी डिग्री की शिकायत करने पर डी फार्मा के छात्रों पर रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी दी।

सीओ टू नितिन कुमार ने बताया कि सीबीगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now