Home / Updates / गढ़पुरा ; बाबा हरी गिरी धाम में लाखों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, प्रशासन की रही चाक-चौबंद व्यवस्था

गढ़पुरा ; बाबा हरी गिरी धाम में लाखों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, प्रशासन की रही चाक-चौबंद व्यवस्था

गढ़पुरा (मिथिलांचल) की पावन भूमि स्थित बाबा हरी गिरी धाम में सावन की दूसरी सोमवारी पर लाखों श्रद्धालुओं ने मनोकामना लिंग पर जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इस पावन अवसर पर धाम विकास समिति एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा धाम परिसर से लेकर कांवरिया पथ तक सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए गए थे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सोमवार की अहले सुबह 3:00 बजे सरकारी पूजा के उपरांत मंदिर का पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया। इसके बाद महिलाओं और पुरुषों को कतारबद्ध तरीके से जलार्पण कराया गया, जो दिनभर जारी रहा। जानकारी के अनुसार, रविवार की देर शाम से ही सिमरिया घाट से जल भरकर श्रद्धालु बाबा हरी गिरी धाम पहुंचने लगे थे। रात बीतते-बीतते धाम परिसर में कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं की सुगम व्यवस्था के लिए महिला एवं पुरुष बल के साथ-साथ सिविल डिफेंस और धाम विकास समिति के सदस्य पूरी तन्मयता से सेवा में जुटे रहे। धाम विकास समिति के अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरव ने बताया कि इस बार सावन की दूसरी सोमवारी पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक जलार्पण किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीएसपी कुंदन कुमार के नेतृत्व में थाना अध्यक्ष नवीन कुमार, एसआई रामशंकर यादव, किशन कुमार सहित गढ़पुरा, बखरी, नावकोठी, मंझौल, चेरिया बरियारपुर सहित आसपास के थानों के पुलिस बल तैनात रहे।

Tagged:
[post-views]
Share
Now