रिपोर्ट – समीरज जैन
नरसिंहपुर – सिंहपुर/आमगांव/पिपरिया बड़ोदिया क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रोत्साहन एवं सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से पूर्व राज्यमंत्री एवं लोकप्रिय जनप्रतिनिधि जालम सिंह पटेल ने मंगलवार को सिंहपुर, आमगांव एवं पिपरिया बड़ोदिया के विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों को निःशुल्क साइकिल वितरित की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान श्री पटेल ने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में पढ़ने जाने वाले बच्चों को विद्यालय तक पहुंचने में कई किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई पर असर पड़ता है। ऐसे में साइकिल मिलने से उनका समय और ऊर्जा दोनों की बचत होगी तथा शिक्षा के प्रति रुचि और बढ़ेगी। उन्होंने बच्चों को मेहनत, अनुशासन और नियमितता को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी।
साइकिल पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। कई छात्राओं ने कहा कि अब उन्हें पैदल दूर-दूर तक चलने की परेशानी नहीं होगी और समय से विद्यालय पहुंच पाएंगी। अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम बच्चों की पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों और शिक्षकों ने पूर्व मंत्री के इस कार्य की प्रशंसा की और कहा कि इससे न केवल बच्चों को सुविधा मिली है, बल्कि शिक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षकों ने किया और अंत में आभार प्रदर्शन किया गया।







