झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
रसोई गैस की कमी की अफवाहों से बचें, जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
झालावाड़, मुख्य सचिव महोदय की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के पश्चात जिला कलेक्टर श्री अजय सिंह राठौड़ ने जिले में रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान जिला कलेक्टर ने जिले के लगभग 3.94 लाख गैस उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया कि घरेलू गैस (14.2 किलोग्राम) की आपूर्ति जिले में पूर्णतः नियमित एवं निर्बाध बनी रहेगी तथा इसकी उपलब्धता बाधित नहीं होने दी जाएगी।
जिला कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन का पूरा फोकस घरेलू गैस की सुचारु एवं निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने पर है। जिले में गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग के अनुसार समय पर सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी।
जिला कलेक्टर श्री अजय सिंह राठौड़ ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न दें तथा गैस की कमी की आशंका में पैनिक बुकिंग अथवा घरेलू गैस का अनावश्यक भंडारण (स्टॉकिंग) न करें। प्रत्येक पात्र उपभोक्ता को निर्धारित समयावधि में सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
जिला रसद अधिकारी जितेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए मोबाइल ओटीपी (OTP) सत्यापन प्रणाली के माध्यम से गैस सिलेंडर की डिलीवरी सीधे उपभोक्ता के घर तक की जा रही है। इससे उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ से राहत मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि अति आवश्यक सेवाओं के लिए भी गैस आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन आमजन की सुविधा के लिए निरंतर सजग एवं प्रतिबद्ध है।







