झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिला स्तरीय समारोह आयोजित, वृद्धजनों का माला एवं शाल ओढ़ाकर किया सम्मान*
झालावाड़, 02 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित डीओआईटी के वीसी कक्ष में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उपखंड अधिकारी झालावाड़ सोनू कुमारी ने जिले के आमंत्रित वृद्धजनों का माला पहनाकर एवं शाल ओढ़ाकर सम्मान किया। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण भी किया गया।
वृद्धजनों का आशीर्वाद समाज की अमूल्य धरोहर
इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी ने कहा कि वृद्धजन हमारे परिवार, समाज और संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने अपने जीवन के अनुभव, संघर्ष और संस्कारों से समाज को दिशा देने का कार्य किया है। वृद्धजनों का सम्मान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों का परिचायक है।
राज्य स्तरीय समारोह का हुआ सीधा प्रसारण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। जिले में उपस्थित वृद्धजनों एवं अधिकारियों ने राज्य स्तरीय कार्यक्रम को देखा और मुख्यमंत्री के उद्बोधन को सुना।
उपखण्ड अधिकारी ने समारोह में उपस्थित वृद्धजनों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य आवश्यकताओं की जानकारी भी ली तथा जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सम्मान पाकर भावुक हुए वृद्धजन
समारोह में उपखण्ड अधिकारी द्वारा माला पहनाकर एवं शाल ओढ़ाकर सम्मानित किए जाने पर वृद्धजनों ने प्रसन्नता व्यक्त की। सम्मान के इस आत्मीय अवसर पर कई वृद्धजन भावुक भी नजर आए। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा किए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने लिए विशेष और यादगार अनुभव बताया।
इस अवसर पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में जिले के वृद्धजन उपस्थित रहे।







