लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
उप-विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह, भा.प्र.से. ने शनिवार को उजियारपुर प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड के विकास कार्यों, प्रशासनिक व्यवस्था एवं विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में डीडीसी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों से उजियारपुर के इतिहास, भौगोलिक स्थिति, विकास की संभावनाओं तथा क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कार्यालय में संचिकाओं, अभिलेखों, पंजियों एवं अन्य दस्तावेजों के संधारण की स्थिति की भी समीक्षा की तथा जहां त्रुटियां मिलीं, उनमें आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
डीडीसी ने प्रखंड कार्यालय परिसर में संचालित विभिन्न कार्यालयों एवं मनरेगा भवन का निरीक्षण किया। इसके साथ ही प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के निर्माणाधीन भवन का जायजा लेते हुए निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने प्रखंड कार्यालय स्तर पर लंबित सभी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर अविलंब निष्पादित करने का निर्देश बीडीओ सहित संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को दिया। साथ ही जन संवाद, सहयोग शिविर एवं सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने पर जोर दिया।
डीडीसी ने अधिकारियों एवं कर्मियों को पूर्ण जवाबदेही और दक्षता के साथ कार्य करने तथा सरकार की योजनाओं का ससमय क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अभिलेखों, संचिकाओं एवं पंजियों का नियमानुकूल संधारण सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया।








