यूपी के जौनपुर जिले से सनसनीखेज घटना सामने आई है। बक्शा थाना क्षेत्र के कुलहनामऊ में शनिवार दोपहर एक पूर्व सांसद और पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर भाजपा नेता ने जहर खाकर खुदकुशी की कोशिश की। अस्पताल में भर्ती भाजपा नेता की हालत खतरे से बाहर है। घटना से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा है। अस्पताल के बाहर पुलिस और भाजपा नेताओं का जमावड़ा लगा रहा। प्रकरण में बक्शा थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया गया।
बीते रविवार को गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के केराकत तिराहे पर हुई सड़क दुर्घटना में कुलहनामऊ के दो युवकों की मौत हो गई थी। उस घटना को लेकर बक्सा थाने के कुलहनामऊ गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने व पुलिस पर पथराव व बवाल को लेकर पुलिस ने भाजपा नेता सहित 70 लोगों के खिलाफ गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस दे रही थी दबिश
मुकदमे में वांछित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश भी दे रही है। वहीं मुकदमे में आरोपित भाजपा नेता भूपाल सिंह भोले की गिरफ्तारी के लिए बक्सा पुलिस मंगलवार की रात दबिश दी थी।
गुरुवार को भाजपा किसान मोर्चा के पदाधिकारी भूपाल सिंह भोले ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि पूर्व सांसद के इशारे पर पुलिस मेरे खिलाफ कार्रवाई कर रही है। बक्शा थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया फिर घर में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ की। शनिवार को पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर भूपाल सिंह ने कुलहनामऊ में जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर लोगों ने उन्हें उपचार के लिए नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
एडिशनल एसपी ग्रामीण शैलेंद्र सिंह, सीओ सदर संत प्रसाद उपाध्याय, भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह व पार्टी पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे। एडिशनल एसपी ग्रामीण शैलेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा नेता ने भोले सिंह ने जहर खाया है। उनका उपचार चल रहा है। भाजपा नेता जिस पूर्व सांसद पर फंसाने का आरोप लगा रहे हैं, उसकी जांच के लिए एक कमेटी गठित होगी। निष्पक्ष जांच कर जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बक्शा थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
बक्शा और सुजानगंज थाना प्रभारी लाइन हाजिर
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बक्शा व सुजानगंज थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया। बक्शा में तैनात त्रिवेणी सिंह को लाइन हाजिर करते हुए खेतासराय थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह को थाना प्रभारी बनाया गया है। सुजानगंज थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला को लाइन हाजिर करते हुए यातायात में इंस्पेक्टर मुंतजर हुसैन को सुजानगंज थाना प्रभारी बनाया गया है।