रिपोर्टर पप्पू लाल पंचोली
निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न हुई मतगणना
भीलवाड़ा, 14 सितंबर। नगर निकाय आम चुनाव-2026 के अंतर्गत नगर निगम भीलवाड़ा व 10 नगरपालिकाओं के सदस्य पदों के निर्वाचन के लिए सोमवार को मतगणना निष्पक्ष व शांतिपूर्ण रूप से सम्पन्न हुई। नगर निगम भीलवाड़ा के वार्ड सदस्य पदों की मतगणना जिला मुख्यालय स्थित राजकीय पाॅलिटेक्निक महाविद्यालय तिलक नगर व 10 नगरपालिकाओं के सदस्यों पदों की मतगणना संबंधित पालिका मुख्यालय पर सम्पन्न हुई।
नगर निगम भीलवाड़ा के वार्ड सदस्य पद की मतगणना प्रातः 8 बजे से प्रारंभ हुई। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर निगम भीलवाड़ा के कुल 70 वार्डों में भाजपा के 45, इंडियन नेशनल कांग्रेस के 10 एवं निर्दलीय के 15 प्रत्याशी विजय घोषित हुए।
इसी प्रकार नगर पालिका आसींद के कुल 25 वार्डो में भाजपा 12, कांग्रेस 8 एवं निर्दलीय 5 प्रत्याशी विजयी रहे।
नगर पालिका बनेड़ा के कुल 20 वार्ड में भाजपा 10, कांग्रेस 9 एवं निर्दलीय 1 प्रत्याशी विजयी रहे।
नगर पालिका बीगोद में भाजपा 12, कांग्रेस 6 एवं निर्दलीय 7 प्रत्याशी विजयी रहे।
नगर पालिका बिजौलिया के कुल 25 वार्ड में भाजपा 12, कांग्रेस 11 एवं निर्दलीय 2 वार्डों में विजयी रहे।
इसी प्रकार नगर पालिका गंगापुर के 25 वार्डो में भाजपा के 9, कांग्रेस के 14 एवं निर्दलीय के 2 प्रत्याशी विजयी रहे।
नगर पालिका गुलाबपुरा के 35 वार्ड में भाजपा के 14, कांग्रेस के 10 एवं निर्दलीय के 10 तथा आरएलपी के एक प्रत्याशी विजयी रहे।
नगर पालिका हमीरगढ के 20 वार्डो में भाजपा के 8, कांग्रेस के 7 एवं निर्दलीय के 5 प्रत्याशी विजयी रहे।
नगर पालिका जहाजपुर के 25 वार्डो में भाजपा के 15, कांग्रेस के 3 एवं निर्दलीय के 7 प्रत्याशी विजयी रहे।
नगर पालिका मांडलगढ़ के 20 वार्डो में भाजपा के 11, कांग्रेस के 2 एवं निर्दलीय के 7 प्रत्याशी विजयी रहे।
इसी प्रकार शाहपुरा नगर पालिका के 35 वार्डो में भाजपा के 8, कांग्रेस के 22 एवं 5 निर्दलीय प्रत्याशी विजय रहे।
मतगणना के दौरान जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार मतगणना स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकासी की व्यवस्था, मतगणना कार्मिकों के लिए आवश्यक सुविधाएं तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए। मतगणना प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा मतगणना स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई। वहीं मतगणना केंद्रों पर अधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश की निगरानी की गई। मतगणना प्रक्रिया के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित की गई।
चुनाव पर्यवेक्षक ने मतगणना प्रक्रिया का किया निरीक्षण
मतगणना प्रक्रिया का चुनाव पर्यवेक्षक श्री अरविंद सारस्वत ने मतगणना केन्द्र पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने मतगणना की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों से मतगणना प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली।
चुनाव पर्यवेक्षक ने मतगणना केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना कक्षों में की गई व्यवस्थाओं तथा मतगणना प्रक्रिया के दौरान निर्धारित निर्वाचन नियमों एवं दिशा-निर्देशों की पालना का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मतगणना प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।








