अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
कुकरीचोली//ग्राम पंचायत कुकरीचोली में प्रस्तावित कार्बन फैक्ट्री की स्थापना को लेकर ग्रामीणों के बीच विरोध के स्वर उठने लगे हैं। फैक्ट्री लगाने के उद्देश्य से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त करने के लिए ग्रामसभा में मामला रखा गया, लेकिन ग्रामीणों ने इस प्रस्ताव पर अपनी असहमति जताते हुए NOC देने से साफ इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे ग्रामसभा का आयोजन किया गया था। इस दौरान कार्बन फैक्ट्री स्थापना से संबंधित विषय पर चर्चा की गई। बैठक में ग्रामीणों के समक्ष NOC देने का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर उपस्थित ग्रामीणों ने अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं। ग्रामीणों ने एकजुट होकर प्रस्ताव का विरोध किया और फैक्ट्री स्थापना के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी नहीं करने की बात कही।
ग्रामसभा में ग्रामीणों के विरोध के बाद कार्बन फैक्ट्री के पक्ष में NOC नहीं देने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने अपने हस्ताक्षर के माध्यम से भी अपना विरोध दर्ज कराया। ग्रामसभा की कार्यवाही में ग्रामीणों के हस्ताक्षरयुक्त सूची भी तैयार की गई।
ग्रामीणों के इस निर्णय से स्पष्ट है कि फिलहाल ग्राम पंचायत कुकरीचोली के ग्रामीण प्रस्तावित कार्बन फैक्ट्री को लेकर सहमत नहीं हैं। अब सवाल यह उठता है कि ग्रामीणों की आपत्तियों और ग्रामसभा में पारित प्रस्ताव के बाद संबंधित विभाग एवं फैक्ट्री स्थापना से जुड़े जिम्मेदार अधिकारी आगे क्या कार्रवाई करते हैं।







