लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा
एनएसयूआई-कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने डॉ. दीपक भारद्वाज को दी शुभकामनाएं, कम नामांकन पर जताई चिंता
कल्याणपुर। राजकीय डिग्री महाविद्यालय, कल्याणपुर में नए प्रभारी प्राचार्य डॉ. दीपक भारद्वाज के पदभार ग्रहण करने पर एनएसयूआई और कांग्रेस के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान छात्र नेताओं और कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्राचार्य को बधाई देते हुए कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था, नामांकन, बिजली एवं सुरक्षा सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजन कुमार वर्मा ने कहा कि डॉ. दीपक भारद्वाज के नेतृत्व में कॉलेज की प्रशासनिक एवं शैक्षणिक व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कॉलेज में कम नामांकन को चिंताजनक बताते हुए कहा कि वर्तमान सत्र में मात्र 24 छात्र-छात्राओं का नामांकन हुआ है, जबकि स्पॉट राउंड में केवल आठ विद्यार्थियों का नाम आया है। उन्होंने कॉलेज में नामांकन बढ़ाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की मांग की।
उन्होंने रात के समय कॉलेज परिसर की लाइटें बंद रहने और रात्रि गार्ड के देर से पहुंचने की समस्या का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर एवं सरकारी संपत्ति की सुरक्षा के लिए इन समस्याओं का तत्काल समाधान जरूरी है।
प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष आशुतोष कुमार ने कहा कि कॉलेज में पांच प्रमुख विषयों की बेहतर पढ़ाई हो रही है। उन्होंने क्षेत्र के छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से अधिक से अधिक संख्या में कॉलेज में नामांकन कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने से नियमित कक्षाओं के साथ कॉलेज में बेहतर शैक्षणिक माहौल को मजबूती मिलेगी।
कांग्रेस शहरी जिला उपाध्यक्ष सनातनी कुमार बालाजी ने शिक्षा की गुणवत्ता के साथ कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था को भी प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने नए प्रभारी प्राचार्य के नेतृत्व में कॉलेज में अनुशासन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित होने की उम्मीद जताई। साथ ही बिजली और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
मौके पर स्थानीय नेता व समाजसेवी जय नारायण सिंह, एनएसयूआई जिला महासचिव भारत कुमार, मनीष कुमार, पियूष कुमार, आशीष कुमार, आदित्य कुमार, विक्रम कुमार और राकेश कुमार सिंह समेत कई कार्यकर्ता एवं छात्र मौजूद रहे। सभी ने डॉ. दीपक भारद्वाज को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।








