बरेली। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कैंट पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 92 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई की रात गश्त के दौरान मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए प्रियांशु पाल (23 वर्ष) निवासी ग्राम महालक्ष्मीपुर, थाना इज्जतनगर को निजावत खां से कुतुबपुर पुल जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 92 ग्राम अफीम बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अफीम एक अज्ञात कैंटर चालक से खरीदी थी और अधिक कीमत पर बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता था। पुलिस द्वारा वैध लाइसेंस मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/18 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध पहले से चोरी और आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया।





