कॉलेज गेट क्षेत्र में दूसरी बार धंसी सड़क, नगर निगम ने बैरिकेडिंग कर शुरू कराया मरम्मत कार्य
बरेली। बरेली के कॉलेज गेट क्षेत्र में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनी सड़क सोमवार को अचानक धंस गई। बताया जा रहा है कि सीवर लाइन चोक होने के कारण सड़क का बड़ा हिस्सा बैठ गया, जिससे बीच सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के जलकल विभाग, निर्माण विभाग और स्मार्ट सिटी परियोजना के अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर यातायात को सुरक्षित किया गया और तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी स्थान पर पहले भी सीवर लाइन चोक होने के कारण सड़क धंस चुकी है। मरम्मत के बावजूद दोबारा वही समस्या सामने आने से सड़क निर्माण की गुणवत्ता और सीवर नेटवर्क की स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों ने स्थायी समाधान की मांग की है।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि सीवर लाइन चोक होने के कारण सड़क का हिस्सा धंस गया है। संबंधित विभागों की टीम मौके पर मौजूद है और मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। साथ ही समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।





