जालौन के कोंच तहसील क्षेत्र में हादसों में जान गंवाने वाले तीन मृतकों के परिजनों को गुरुवार को प्रशासन की ओर से आपदा राहत राशि के चेक वितरित किए गए। सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मूलचंद्र निरंजन, एडीएम अभिनव कुमार और तहसीलदार ने पीड़ित परिवारों को सहायता राशि सौंपी।
ग्राम करियावली में खेत पर बने कुएं में गिरने से 55 वर्षीय फूल सिंह और उनके 60 वर्षीय भाई रामलखन की डूबकर मौत हो गई थी। दोनों मृतकों के परिजनों को शासन के प्रावधानों के तहत चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि के चेक दिए गए।
इसी तरह ग्राम सलैया निवासी 28 वर्षीय हरिशंकर कौरव की 28 अगस्त को नहर में नहाते समय डूबने से मौत हो गई थी। प्रशासन ने मृतक की मां सुशीला देवी को चार लाख रुपये की आपदा राहत राशि का चेक सौंपा।
इस दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि आपदा में प्रभावित परिवारों को शासन के नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।






