जिला कलक्टर की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित
झालावाड़, 19 सितम्बर। जल जीवन मिशन अन्तर्गत जिला जल एवं स्वच्छता मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)-फेज-2 की बैठक शनिवार को जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले में जल जीवन मिशन के तहत संचालित विभिन्न पेयजल योजनाओं, कार्यात्मक घरेलू नल कनेक्शन (एफएचटीसी), नल जल मित्र, जल गुणवत्ता, योजनाओं के रख-रखाव सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कलक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक ग्रामीण परिवार को नियमित, पर्याप्त एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। इसके लिए स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण करने के साथ-साथ पूर्ण हो चुकी योजनाओं से वास्तविक रूप से जलापूर्ति सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एफएचटीसी के लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करें तथा जिन क्षेत्रों में कार्य की गति अपेक्षाकृत कम है, वहां विशेष मॉनिटरिंग कर कार्यों में तेजी लाई जाए।
हर घर जल कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
जिला कलक्टर ने जेजेएम के अन्तर्गत घर-घर जल संबंधी स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि पाइपलाइन एवं नल कनेक्शन के कार्यों के साथ-साथ नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि केवल नल कनेक्शन उपलब्ध करवाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रत्येक कनेक्शन पर निर्धारित मानकों के अनुरूप पेयजल उपलब्ध होना भी सुनिश्चित किया जाए। एफएचटीसी के निर्धारित लक्ष्यों एवं उनके विरुद्ध हुई प्रगति की नियमित समीक्षा कर कम प्रगति वाले क्षेत्रों में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एफएचटीसी के निर्धारित मासिक लक्ष्य के विरुद्ध हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को गति प्रदान करने तथा ग्राम पंचायतवार प्रगति की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
प्रमुख पेयजल योजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर
जिला कलक्टर ने गागरीन, छापी-झालावाड़ एवं छापी-विस्तार पेयजल योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से संबंधित कार्यों में आवश्यक समन्वय रखते हुए लंबित कार्यों को चिन्हित कर उनके शीघ्र निस्तारण की कार्ययोजना तैयार की जाए।
हर घर जल प्रमाण-पत्र की समीक्षा
बैठक में हर घर जल प्रमाण-पत्र की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने पात्र ग्राम पंचायतों में आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कर प्रमाण-पत्र संबंधी कार्यवाही समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जल गुणवत्ता की नियमित जांच एवं पोर्टल पर डाटा अपडेट करने के निर्देश
जिला कलक्टर ने जिले में पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से जल गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल स्रोतों एवं आपूर्ति किए जा रहे पानी की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा जल गुणवत्ता से संबंधित सभी जांच एवं प्रगति का पोर्टल पर समयबद्ध एवं सही डाटा इन्द्राज सुनिश्चित किया जाए।
जिला कलक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन की योजनाओं की सफलता केवल निर्माण कार्य पूर्ण होने से नहीं, बल्कि योजनाओं के सतत संचालन, नियमित जलापूर्ति, जल गुणवत्ता एवं सामुदायिक सहभागिता से सुनिश्चित होगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं फील्ड निरीक्षण नियमित रूप से करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी शंभु दयाल मीणा, जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के सदस्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






