Home / Events / बरपाली में CSR मद से बनी CC सड़क तीन माह में उखड़ी, उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग

बरपाली में CSR मद से बनी CC सड़क तीन माह में उखड़ी, उच्चस्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग

कोरबा। ग्राम बरपाली के बाजार मोहल्ला स्थित मां मड़वारानी मंदिर से जेत-स्तंभ तक अडानी (लैंको अमरकंटक) के CSR मद से लगभग 15–16 लाख रुपये की लागत से निर्मित CC सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। निर्माण पूरा होने के महज तीन माह के भीतर पहली ही बारिश में सड़क के उखड़ने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।

इस संबंध में सांसद प्रतिनिधि मंदीप शर्मा, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की ओर से जिला कलेक्टर को पत्र सौंपकर सड़क निर्माण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने तथा दोषी निर्माण एजेंसी और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक व दंडात्मक कार्रवाई की मांग की गई है।

पत्र में आरोप लगाया गया है कि सड़क निर्माण में लापरवाही बरती गई और निर्धारित तकनीकी मानकों की अनदेखी करते हुए निम्न स्तर की सामग्री का उपयोग किया गया। निर्माण के दौरान गुणवत्ता नियंत्रण और पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी संभालने वाले संबंधित कर्मचारियों तथा निर्माण एजेंसी पर भी सवाल उठाए गए हैं।

आवागमन में हो रही परेशानी

सड़क के उखड़ने और जगह-जगह गड्ढे बनने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पत्र में विशेष रूप से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और आम ग्रामीणों की सुरक्षा एवं आवागमन की समस्या का उल्लेख किया गया है।

चार प्रमुख मांगें

पत्र के माध्यम से प्रशासन से—

  1. स्वतंत्र विशेषज्ञों की टीम गठित कर सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने।
  2. दोषी ठेकेदार/निर्माण एजेंसी एवं संबंधित कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई करने।
  3. सड़क निर्माण में हुए नुकसान की Financial Recovery कराने।
  4. सड़क का पुनः मानक स्तर पर मजबूत निर्माण कराने की मांग की गई है।

पत्र में चेतावनी दी गई है कि यदि मामले में त्वरित कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामवासियों के जनहित में आवश्यक कदम उठाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
अशोक कुमार श्रीवास की खास रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now