Home / Breaking News / महापौर संजू देवी राजपूत का कड़ा संदेश: विकास कार्यों में लापरवाही और घटिया निर्माण कतई बर्दाश्त नहीं

महापौर संजू देवी राजपूत का कड़ा संदेश: विकास कार्यों में लापरवाही और घटिया निर्माण कतई बर्दाश्त नहीं

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट

पोडीबहार नाला निर्माण कार्य का गुणवत्ता परीक्षण और कोर कटिंग कराने का दिया दिया अधिकारियो का निर्देश
कोरबा// नगर निगम कोरबा में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति को लेकर महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने आज कोसाबाड़ी जोन के विभिन्न वार्डों में निर्माणाधीन कार्यों का सघन निरीक्षण किया। महापौर ने मौके पर कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से प्रगति, गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता, घटिया निर्माण अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
उन्होंने निर्माणाधीन कार्यों में निर्धारित तकनीकी मापदंडों, स्वीकृत ड्राइंग-डिजाइन, प्राक्कलन एवं गुणवत्ता मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को नियमित स्थल निरीक्षण करने तथा निर्माण की प्रत्येक महत्वपूर्ण अवस्था में गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

महापौर ने लंबित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि फाइलों में विकास और जमीन पर अधूरे काम अब नहीं चलेंगे। जिन कार्यों को स्वीकृति मिल चुकी है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित रखने के बजाय निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर तत्काल प्रारंभ कराया जाए। धीमी गति से चल रहे कार्यों में तेजी लाते हुए तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराए जाएं।

उन्होंने ठेकेदारो को भी स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि काम लेना आसान है, लेकिन गुणवत्ता के साथ काम पूरा करना अनिवार्य है। यदि निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया तो केवल औपचारिक नोटिस देकर मामला समाप्त नहीं किया जाएगा, बल्कि नियमानुसार जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

महापौर ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल विकास कार्यों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण, टिकाऊ और जनता के लिए उपयोगी विकास सुनिश्चित करना है। नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और जहां भी कार्यों में लापरवाही या अनियमितता मिलेगी, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जोन कमिशनर श्री एन.के. नाथ, सहायक अभियंता श्री पीयूष राजपूत, उप अभियंता श्री अश्वनी दास सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now