Home / News / जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार शहर के वार्डों में आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण

जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार शहर के वार्डों में आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण

रिपोर्टर पप्पू लाल पंचोली

स्वच्छता और सीवरेज व्यवस्था में कोताही पर दिए सख्त निर्देश, संवेदक को दिया नोटिस

भीलवाड़ा, 03 सितंबर । जिला कलेक्टर एवं नगर निगम प्रशासक श्री जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार आयुक्त श्री कमल सिंह यादव द्वारा गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें कई जगहों पर व्यवस्थाएं देखकर असंतुष्टि जाहिर की गईं। इस दौरान लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों और संवेदकों को सख्त निर्देश एवं नोटिस जारी किए गए हैं।

आजाद नगर में कचरा बिखरा मिलने पर नाराजगी

निरीक्षण के दौरान वार्ड नं. 20, आजाद नगर क्षेत्र में स्थित दो कचरा स्टैण्ड पर कचरा अत्यंत अव्यवस्थित रूप से फैला हुआ मिला। इस पर गंभीर रुख अपनाते हुए संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षक को मात्र दो घंटे के भीतर कचरा पूरी तरह उठवाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

खाटू श्याम मंदिर के पास सीवरेज और सड़क सुधार के निर्देश

इसके बाद वार्ड नं. 29 में खाटू श्याम मंदिर के पास सीवरेज लाइन से गंदा पानी बहता हुआ पाया गया। आयुक्त ने संबंधित अमले को आज ही सीवरेज लाइन का लीकेज दुरुस्त करने और सड़क पर हुए गड्ढों को अतिशीघ्र ठीक करवाने के निर्देश दिए हैं।

कावांखेड़ा बड़ा पार्क के संवेदक को नोटिस

निरीक्षण की अगली कड़ी में कावां खेड़ा बड़ा पार्क का जायजा लिया गया, जहां पार्क की सफाई व्यवस्था और घास की कटिंग संतोषजनक नहीं पाई गई। इसे लेकर संबंधित संवेदक के खिलाफ तुरंत नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। दिनांक 03.09.2026 को दोपहर की पारी में शहर के विभिन्न वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस विशेष अभियान के तहत कुल 16 टीमों का गठन किया गया, जिनके द्वारा शहर के 18 वार्डों में सघन साफ-सफाई का कार्य किया गया।

इस अभियान के दायरे में वार्ड संख्या 03, 07, 08, 19, 21, 33, 34, 42, 43, 44, 47, 49, 50, 51, 56, 63, 65 और 66 को शामिल किया गया। इन सभी वार्डों में तैनात टीमों ने पूरी मुस्तैदी के साथ सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाया। जिला कलेक्टर ने आगे भी इसी प्रकार निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now