Home / News / बिसाहू दास महन्त की 48वीं पुण्यतिथि पर ग्राम सण्डैल में श्रद्धांजलि सभा, वृक्षारोपण एवं फल वितरण का आयोजन

बिसाहू दास महन्त की 48वीं पुण्यतिथि पर ग्राम सण्डैल में श्रद्धांजलि सभा, वृक्षारोपण एवं फल वितरण का आयोजन

अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट

सण्डैल//अविभाजित मध्य प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री, प्रख्यात समाजसेवी, किसान हितैषी तथा बांगो बांध के स्वप्नदृष्टा ब्रह्मलीन श्री बिसाहू दास महन्त की 48वीं पुण्यतिथि पर ग्राम सण्डैल में विभिन्न सामाजिक एवं सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सांसद प्रतिनिधि श्री ओमप्रकाश चंद्रवंशी (सुपुत्र स्वर्गीय रेवाराम चंद्रवंशी) ने किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्मलीन श्री बिसाहू दास महन्त की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। उपस्थित जनों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्व. महन्त ने अपने सार्वजनिक जीवन में किसानों, गरीबों और जरूरतमंदों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने बांगो बांध जैसी महत्वाकांक्षी परियोजना का सपना देखा, जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई और विकास की नई दिशा मिली।
सांसद प्रतिनिधि श्री ओमप्रकाश चंद्रवंशी ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. बिसाहू दास महन्त का जीवन जनसेवा, सादगी और समर्पण का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने किसानों के उत्थान, ग्रामीण विकास और सामाजिक न्याय के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए। उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
पुण्यतिथि के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया। इस दौरान श्री चंद्रवंशी ने स्व. महन्त द्वारा किसानों के हित में किए गए कार्यों और उनके योगदान का उल्लेख करते हुए उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में निकटस्थ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरगबुंदिया पहुंचकर भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए। इस दौरान मरीजों का कुशलक्षेम जाना गया तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि स्व. बिसाहू दास महन्त हमेशा गरीबों, असहायों और मरीजों की सेवा के लिए समर्पित रहे। उनके इन्हीं मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह सेवा कार्य आयोजित किया गया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और भावनाओं का वातावरण बना रहा। उपस्थित लोगों ने नम आंखों से स्व. बिसाहू दास महन्त को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर श्री मुकुत राम आदिले, वरिष्ठ कांग्रेसी प्रमोद कुमार श्रीवास (उपाध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरपाली), रामकुमार कंवर (विधायक प्रतिनिधि), गोपाल श्रीवास (महामंत्री, ओबीसी), अशोक कुमार श्रीवास, चित्रलेखा श्रीवास, छोटू वैष्णव, लालू कश्यप, तोरण प्रसाद कश्यप सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण, कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सांसद प्रतिनिधि श्री ओमप्रकाश चंद्रवंशी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. बिसाहू दास महन्त के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज सेवा के ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now