Home / News / अब मुर्दे भी नहीं सुरक्षित : सहारनपुर में रोंगटे खड़े कर देने वाला दृश्य जलभराव से कब्रें क्षतिग्रस्त, शव बाहर आने का VIDEO वायरल…..

अब मुर्दे भी नहीं सुरक्षित : सहारनपुर में रोंगटे खड़े कर देने वाला दृश्य जलभराव से कब्रें क्षतिग्रस्त, शव बाहर आने का VIDEO वायरल…..

गागलहेड़ी (सहारनपुर)। जनपद सहारनपुर में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया है। थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव सैय्यद माजरा स्थित हाईवे किनारे बने कब्रिस्तान में जलभराव और मिट्टी के कटाव के कारण कई कब्रें क्षतिग्रस्त हो गईं। मिट्टी बह जाने से कुछ शव कफन सहित बाहर दिखाई देने लगे, जिससे पूरे गांव में चिंता और शोक का माहौल बन गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही गागलहेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। जांच में सामने आया कि लगातार भारी बारिश, कब्रिस्तान में जलभराव तथा हाईवे किनारे बने नालों से पानी की समुचित निकासी न होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।
पुलिस ने ग्रामीणों और स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी शवों को पूरे सम्मान और धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार सुरक्षित स्थान पर दोबारा सुपुर्द-ए-खाक कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे और राहत कार्य में सहयोग करते रहे।
क्षेत्राधिकारी सदर विकास प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि यह घटना पूरी तरह प्राकृतिक कारणों से हुई है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। क्षेत्र में शांति है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कब्रिस्तान में स्थायी जलनिकासी की व्यवस्था कराई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now